24 जुलाई 2019 - 13:00
 दुश्मनों के मोर्चेबंदी से ज़रा भी डर नहीं लगता, हम असाधारण रूप से शक्तिशाली हैं, आईआरजीसी कमांडर का एलान

ईरान के क्रांति संरक्षक बल, आईआरजीसी के कमांडर ने कहा है कि ईरान अपनी जनता और राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा के लिए अपने रक्षा साधनों के प्रयोग में तनिक भी संकोच नहीं करेगा और ईरान अपने दुश्मनों की मोर्चेबंदी से बिल्कुल ही नहीं डरता।

आईआरजीसी के प्रमुख जनरल हुसैन सलामी ने पत्रकारों से एक वार्ता में कहा कि हम ईरान के निर्माण की प्रक्रिया पूरी शक्ति से जारी रखेंगे और दुश्मन हम पर जितना दबाव डालेगा, हमारा संकल्प उतना ही मज़बूत होता जाएगा।

उन्होंने कहा कि हमारी सभी सफलताएं प्रतिबंधों के दबाव में हासिल हुई हैं क्योंकि सफलता के लिए आत्मविश्वास की ज़रूरत होती है और हमारे समाज में यह चीज़ पूरी तरह से मौजूद है।

जनरल सलामी ने कहा कि दुश्मन ने ईरान के खिलाफ अपने सभी साधनों को आज़मा कर देख लिया है और अब वह यह समझ गया है कि ईरान असाधारण रूप से शक्तिशाली है और शक्तिशाली ही नहीं बल्कि अपनी शक्ति के प्रयोग का संकल्प भी रखता है।

उन्होंने कहा कि हम पहले कर गुज़रते हैं फिर बात करते हैं और पिछले हफ्तों और महीनों के दौरान पूरी दुनिया ने ईरान की शक्ति व संकल्प की कई झलकियां देखी हैं।